Sunday, October 16, 2011

मौन है सुन्दर

 
मौन है सुन्दर
कृपा नगर है
सांस श्याम संग
आठ पहर है
सबमें जाग रहा
उजियारा
पथ प्रदीप्त है
पावन प्यारा
 
दिव्य धरा है
चिद अम्बर है
क्षण क्षण शाश्वत 
सतत मुखर है
 
अमृत घट
लाये गुरुवर हैं
प्यासा हूँ
पीना छक कर है
 
गुरु दृष्टि से पीनेवाला
हो जाता ऐसा मतवाला
 
पग पग
प्रकटित दिव्य डगर है
अतुलित 
वैभव शाली घर है
 
मौन है सुन्दर
कृपा नगर है
सांस श्याम सुमिरन से
तर है 
 
 
अशोक व्यास
 
न्यूयार्क, अमेरिका       

Saturday, October 15, 2011

कैसे पकडूँ कान


नृत्य सजे प्रभु प्रेम का
या उत्तेजक बोल
बजता है हर गीत में
अजब देह का ढोल

मदिरालय कर देह को
करूँ भोग में स्नान
हाथों में है कामना
कैसे पकडूँ कान



अशोक व्यास
         (कई बरस पहले की पंक्तियाँ
प्रभु के चरणों में अर्पित )        

Friday, October 14, 2011

लिए प्रभु के बोल


सौंपूं सब नन्दलाल को
ऐसा हो ना पाए
भटके मन हो बावरा
नहीं पकड़ में आय

छोड़ दिया हरि कथा को 
फिरता मस्त मलंग
जिससे छूते श्याम संग
ढूंढें ऐसा रंग

कोयल बोले बांसुरी
कव्वा फाटा ढोल
भक्त मुखर होते सखी 
लिए प्रभु के बोल

लिख आनंद किलोल को
कर लीला का साथ
दिखा कर सृष्टि सकल
छुप गए गोपीनाथ



अशोक व्यास
न्यूयार्क, अमेरिका
    
        

Thursday, October 13, 2011

चिर मस्ती का गान

जय श्री कृष्ण

कान्हा की मुस्कान पर सदा दीजिये ध्यान
आनंद आनंद हो रहे हर मुश्किल आसान

बिन मांगे सब दे रहा कान्हा कृपानिधान
निर्भय, निर्मल, सकल जग, सुन-सुन बंशी तान

अतुलित वैभव प्रेम का, करूणामृत अनमोल
कंकर-पत्थर छोड़ मन, बस कान्हा कान्हा बोल

अधर धरे बंशी नहीं, तब भी नयन सुजान
सुना रहे संकट हरण, चिर मस्ती का गान


अशोक व्यास
१४ दिसंबर २००६ को लिखी
१३ अक्टूबर २०११ को लोकार्पित    

Monday, October 10, 2011

कृष्ण प्रेम से सार हमारा


जय श्री कृष्ण

नाम तुम्हारा
सबसे प्यारा
ओ केशव
तू है रखवारा

बहे निरंतर
सुमिरन धारा 
कृष्ण प्रेम से
सार हमारा

मिली शक्ति
जब नाम उच्चारा
मोक्ष मिला
जब तुम्हें पुकारा


अशोक व्यास
न्यूयार्क, अमेरिका
             

Wednesday, October 5, 2011

मन कान्हा का पावन दर्पण


मन अमृत
मन वृन्दावन
मन श्याम सुन्दर
मन गोवर्धन
मन प्रेम डगर
मन श्याम नगर
मन कान्हा का
पावन दर्पण


अमृत प्यास जगाना कान्हा
अपनी और बुलाना कान्हा
जिससे महिमा बढे तुम्हारी
सिखलाना वो गाना कान्हा


अशोक व्यास
७ और ८ नवम्बर २००६ को लिखी
५ अक्टूबर २०११ को लोकार्पित              

Tuesday, October 4, 2011

दिव्य छटा री


राधा प्यारी
लाज की मारी
देखे
मोहन की पिचकारी
अंगिया भीगी
अँखियाँ रीझी
प्रेम छुपा
मुख रख दी गारी
आँगन आँगन
रंग का सावन
मधुर मुरलिया
दिव्य छटा री

अशोक व्यास
न्यूयार्क, अमेरिका 
३० नवम्बर २००६ को लिखी
४ अक्टूबर २०११ को लोकार्पित